मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के तत्वावधान में परिषद संवाद घटक अंतर्गत नवांकुर संस्थाओं की जिला स्तरीय समीक्षा बैठक जिला पंचायत सभागृह, विदिशा में आयोजित की गई। बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में पद्मश्री से सम्मानित एवं राज्य मंत्री दर्जा प्राप्त मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के उपाध्यक्ष श्री मोहन नागर उपस्थित रहे। बैठक में जिले में चयनित नवांकुर संस्थाओं द्वारा किए जा रहे सामाजिक एवं जनकल्याणकारी कार्यों की समीक्षा करते हुए ग्राम विकास और समाज परिवर्तन के लिए उन्हें आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया। इसके पश्चात जिला समन्वयक श्रीमती पूजा बंधैया ने जिले में मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद द्वारा संचालित विभिन्न गतिविधियों तथा नवांकुर संस्थाओं के माध्यम से किए जा रहे कार्यों की जानकारी प्रस्तुत की। उन्होंने संस्थाओं की गतिविधियों, उपलब्धियों और आगामी कार्ययोजनाओं से भी अवगत कराया। संभाग समन्वयक श्री वरुण आचार्य ने मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद की भूमिका, उद्देश्यों तथा विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से समाज में किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने नवांकुर संस्थाओं से अपने कार्यों का नियमित दस्तावेजीकरण करने तथा गतिविधियों और उपलब्धियों को सोशल मीडिया के माध्यम से साझा करने का आग्रह किया, ताकि जिले में किए जा रहे अच्छे और प्रभावी कार्यों से अन्य संस्थाएं भी प्रेरणा प्राप्त कर सकें। ग्राम विकास के लिए स्वच्छता, सामूहिकता और स्वावलंबन जरूरी मुख्य अतिथि श्री मोहन नागर ने कहा कि समाज और गांवों के समग्र विकास के लिए स्वच्छता, सामूहिकता और स्वावलंबन को आधार बनाकर कार्य करना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि “गाँव का विकास ही भारत का विकास है।” प्रत्येक व्यक्ति को अपने गांव को स्वावलंबी बनाने के लिए विचार करना चाहिए और सामूहिक प्रयासों के माध्यम से इस संकल्प को साकार करना चाहिए। उन्होंने कहा कि ग्राम विकास के लिए स्थानीय नेतृत्व और जनभागीदारी अत्यंत महत्वपूर्ण है। प्रत्येक गांव में ऐसे आदर्श व्यक्तित्व और नेतृत्वकर्ता का होना आवश्यक है, जो ग्रामीणों को एकजुट कर विकास की दिशा में आगे बढ़ा सके। उन्होंने ग्राम विकास प्रस्फुटन समितियों के गठन तथा उनके माध्यम से अधिक से अधिक ग्रामीणों को विकास कार्यों से जोड़ने की आवश्यकता पर भी जोर दिया। श्री नागर ने कहा कि विभिन्न अभियानों के माध्यम से समाज में चेतना जागृत होती है और लोगों को सकारात्मक बदलाव के लिए प्रेरित किया जा सकता है। नवांकुर संस्थाओं को गांव-गांव में जनजागरण के साथ स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक समरसता और स्वावलंबन से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाना चाहिए। गांव की सामाजिक एवं सांस्कृतिक धरोहर को संरक्षित करने पर जोर पद्मश्री श्री मोहन नागर ने हमारी सांस्कृतिक एवं सामाजिक धरोहर के संरक्षण की आवश्यकता पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार संकट के समय हमारे पूर्वजों की धरोहर हमारा सहारा बनती है, उसी प्रकार वर्तमान पीढ़ी का दायित्व है कि वह अपनी सामाजिक और सांस्कृतिक विरासत को सहेजकर रखे और उसका सम्मान करे। उन्होंने कहा कि हमारा गांव ही हमारी धरोहर है। गांवों की परंपराओं, सामाजिक एकता, प्राकृतिक संसाधनों तथा सामूहिक सहयोग की भावना को संरक्षित करते हुए गांवों को पुनः स्वावलंबी बनाने के लिए सभी को मिलकर प्रयास करना होगा। शासन, समाज और जनभागीदारी के बीच सेतु बनें नवांकुर संस्थाएँ श्री नागर ने नवांकुर संस्थाओं के प्रतिनिधियों से आह्वान किया कि वे शासन, समाज और जनभागीदारी के बीच प्रभावी सेतु के रूप में कार्य करें। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में जनजागरण और सामाजिक चेतना के माध्यम से लोगों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ा जा सकता है। नवांकुर संस्थाएं स्थानीय आवश्यकताओं को समझते हुए जनभागीदारी आधारित गतिविधियों को बढ़ावा दें तथा समाज में सकारात्मक परिवर्तन के लिए निरंतर कार्य करें।
संस्कृति
गाँव का विकास ही भारत का विकास है, गाँवों को स्वावलंबी बनाना हम सबका संकल्प हो — पद्मश्री मोहन नागर
नवांकुर संस्थाएँ स्वच्छता, सामूहिकता और स्वावलंबन को आधार बनाकर ग्राम विकास में निभाएं सक्रिय भूमिका
खरी बात संवाददाता, विदिशा · 27 अक्टूबर 2026


