उमरिया।प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नशामुक्त भारत के संकल्प को साकार करने तथा युवा पीढ़ी को नशे के दुष्प्रभावों से जागरूक करने के उद्देश्य से कलेक्टर श्रीमती राखी सहाय के मार्गदर्शन में भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी मध्यप्रदेश राज्य शाखा के निर्देशानुसार जिले के विभिन्न विद्यालयों में नशामुक्ति जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। बाल दिवस के अवसर पर आयोजित अभियान में विद्यालयों के विद्यार्थियों ने जूनियर रेडक्रॉस दल के माध्यम से जागरूकता रैली निकालकर आमजन को नशे से दूर रहने का संदेश दिया। विद्यार्थियों ने हाथों में जागरूकता संबंधी तख्तियां एवं बैनर लेकर नशामुक्त समाज के निर्माण का आह्वान किया। रैली के दौरान विद्यार्थियों ने ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्रों में भ्रमण कर लोगों को तंबाकू, गुटखा, बीड़ी, सिगरेट एवं अन्य मादक पदार्थों के सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक दुष्परिणामों की जानकारी दी। साथ ही युवाओं से नशे से दूर रहकर शिक्षा, खेल एवं सकारात्मक गतिविधियों से जुड़ने की अपील की।
जिले के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बेलसरा, शासकीय हाई स्कूल पढ़खुरी सहित अन्य विद्यालयों में आयोजित इन गतिविधियों में शिक्षकों, जूनियर रेडक्रॉस दल के सदस्यों एवं विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी श्री भूपेंद्र सिंह बड़करे ने जनजागरूकता गतिविधियों को प्रोत्साहित करते हुए विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं आम नागरिकों से नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की। भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी द्वारा जिले के विद्यालयों में अभियान को प्रभावी रूप से संचालित किया गया।


