उज्जैन,01 अक्‍टूबर। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, जिला उज्जैन, डॉ. अशोक कुमार पटेल 30 सितम्बर 2026 को स्वास्थ्य विभाग में लगभग 37 वर्षों की दीर्घ एवं समर्पित शासकीय सेवा पूर्ण कर सेवानिवृत्त हुए।

इस अवसर पर स्थानीय कार्यालय में सम्मान एवं विदाई समारोह आयोजित किया गया।डॉ. पटेल ने अपने सेवाकाल के दौरान ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों में लगभग 25 वर्षों तक सेवाएँ देते हुए चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाओं को जन-जन तक पहुँचाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उन्होंने अपने शासकीय सेवाकाल की शुरुआत अम्बिकापुर, सरगुजा के ग्रामीण क्षेत्र से की।

इसके बाद झाबुआ जैसे ग्रामीण एवं आदिवासी जिले में लगभग 25 वर्षों तक विभिन्न महत्वपूर्ण दायित्वों का निर्वहन किया।झाबुआ में उन्होंने चिकित्सा अधिकारी, क्षय अधिकारी, टीकाकरण अधिकारी तथा नोडल अधिकारी (लीगल सेल) सहित विभिन्न पदों पर कार्य किया।

इस दौरान स्वास्थ्य विभाग की विभिन्न राष्ट्रीय स्वास्थ्य योजनाओं एवं कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही।वर्ष 2015 से 2023 तक अपने गृह जिले धार में विकासखंड चिकित्सा अधिकारी, जिला परिवार कल्याण अधिकारी एवं जिला टीकाकरण अधिकारी सहित विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर कार्य करते हुए डॉ. पटेल ने स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार एवं सुदृढ़ीकरण के लिए उल्लेखनीय कार्य किए।मार्च 2024 में शासन द्वारा पदोन्नत किए जाने के बाद डॉ. अशोक कुमार पटेल ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, जिला उज्जैन का दायित्व संभाला।

उज्जैन में अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने ग्रामीण स्वास्थ्य संस्थाओं के सुदृढ़ीकरण एवं उन्नयन, राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन, स्वास्थ्य योजनाओं की प्रगति तथा आमजन को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएँ उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास किए।उनके कार्यकाल में ग्रामीण स्वास्थ्य केन्द्रों के उन्नयन एवं स्वास्थ्य अधोसंरचना के विकास को विशेष प्राथमिकता दी गई।

मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, टीकाकरण, परिवार कल्याण, आयुष्मान भारत तथा विभिन्न राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों एवं जनकल्याणकारी स्वास्थ्य योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर भी विशेष ध्यान दिया गया।उज्जैन जिले में शासकीय मेडिकल कॉलेज के निर्माण एवं स्वास्थ्य अधोसंरचना के विस्तार से जुड़े कार्यों में भी डॉ. पटेल द्वारा शासकीय स्तर पर सार्थक प्रयास किए गए।

जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था को अधिक सुदृढ़ एवं जनोन्मुखी बनाने के लिए उनके द्वारा किए गए प्रयास उनके सेवाकाल की महत्वपूर्ण उपलब्धियों में शामिल रहे।लगभग 37 वर्षों की शासकीय सेवा, जिसमें करीब 25 वर्ष ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों में सेवाएँ शामिल हैं, डॉ. अशोक कुमार पटेल की कर्तव्यनिष्ठा, समर्पण एवं जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

विभिन्न स्थानों एवं पदों पर कार्य करते हुए उन्होंने स्वास्थ्य विभाग की जिम्मेदारियों का निष्ठापूर्वक निर्वहन किया तथा अपने अनुभव और कार्यशैली से अधीनस्थ अधिकारियों एवं कर्मचारियों का मार्गदर्शन किया।सेवानिवृत्ति के अवसर पर सिविल सर्जन डॉ. सगीता पलसानिया, जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जितेंद्र सिंह राजपूत, जिला स्वास्थ्य एवं महामारी नियंत्रण अधिकारी डॉ. सुनीता परमार, जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. रविंद्र कुमार पाल, सिविल अस्पताल माधवनगर के डॉ. विक्रम रघुवंशी सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने डॉ. पटेल के दीर्घ सेवाकाल एवं उल्लेखनीय कार्यों के लिए उनका आभार व्यक्त किया।अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने डॉ. अशोक कुमार पटेल के स्वस्थ, सुखद एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

उनका लगभग 37 वर्षों का सेवाकाल, विशेषकर ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों में दी गई लंबी सेवाएँ, कर्तव्यनिष्ठा, समर्पण और जनसेवा की भावना का उदाहरण हैं। स्वास्थ्य विभाग में उनके अनुभव एवं सेवाएँ आने वाली पीढ़ी के चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों के लिए प्रेरणास्रोत रहेंगी।