सूक्ष्म, लघु व मध्यम उद्यम, कौशल विकास एवं रोजगार विभाग, उच्च शिक्षा विभाग तथा राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के समन्वय से 26 नवंबर 2026 को जिला रोजगार कार्यालय परिसर, शिवपुरी में युवा संगम कार्यक्रम के अंतर्गत जिला स्तरीय रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन प्रातः 11 बजे से शुरू होगा, जिसमें एक ही मंच पर युवाओं को रोजगार, स्वरोजगार और अप्रेंटिसशिप के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे। कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट श्री अर्पित वर्मा के निर्देशन में युवाओं को आगे बढ़ने के अवसर प्रदान करने के उद्देश्य से प्रत्येक माह युवा संगम कार्यक्रम आयोजित किया जाता है। इसी क्रम में इस बार 26 नवंबर को जिला स्तरीय रोजगार मेला लगाया जा रहा है, ताकि आकांक्षी युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार से जोड़कर लाभान्वित किया जा सके।
जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि मेले में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित स्वरोजगार योजनाओं की जानकारी दी जाएगी और हितग्राहियों को हितलाभ वितरण भी कराया जाएगा। इसके साथ ही निजी क्षेत्र की कुलकवच ग्लोबल सिक्योरिटी सर्विस प्राइवेट लिमिटेड ग्वालियर, फोन पे प्राइवेट लिमिटेड शिवपुरी, जीडीएक्स सिक्योरिटी सॉल्यूशन इंडिया प्राइवेट लिमिटेड नोएडा, ग्रो फास्ट ऑर्गेनिक डायमंड प्राइवेट लिमिटेड भोपाल, एमआरएफ प्राइवेट लिमिटेड तथा ब्लेंकिट प्राइवेट लिमिटेड अहमदाबाद आदि कंपनियां शामिल होंगी, जो साक्षात्कार के माध्यम से युवाओं का चयन करेंगी।
इस रोजगार मेले में ऐसे युवा भाग ले सकते हैं, जिनकी शैक्षणिक योग्यता 10वीं, 12वीं, स्नातक या आईटीआई हो और जिनकी आयु 18 से 40 वर्ष के बीच हो। कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए संबंधित विभागों के समन्वय से आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं। सभी आकांक्षी युवाओं से आग्रह किया गया है कि युवा संगम कार्यक्रम पूर्णतः निःशुल्क है और चयन होने के बाद किसी भी कंपनी को किसी भी प्रकार के पैसे न दें। कार्यक्रम में शामिल होने के इच्छुक युवा निर्धारित लिंक के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं।


