पशुपालन एवं डेयरी विभाग के तत्वाधान में वृंदावन ग्राम रायश्री के गौवंशीय दुधारू पशुओं के लिए एक विशेष इनामी प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। यह प्रतियोगिता 27 अक्टूबर से 31 अक्टूबर 2026 के मध्य आयोजित की जा रही है, जिसका मुख्य उद्देश्य प्रत्येक वृंदावन ग्राम में दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देना है।
इस प्रतियोगिता के अंतर्गत उत्कृष्ट दुग्ध उत्पादन करने वाले पशुपालकों को आकर्षक नगद पुरस्कारों से सम्मानित किया जाएगा। इसमें प्रथम पुरस्कार के रूप में 1 लाख रुपये, द्वितीय पुरस्कार के रूप में 50 हजार रुपये तथा तृतीय पुरस्कार के रूप में 25 हजार रुपये की राशि प्रदान की जाएगी। प्रतियोगिता में वृंदावन ग्राम रायश्री के सभी वर्ग के वे पशुपालक पात्र होंगे जिनके पास उन्नत भारतीय नस्ल की ऐसी गाय हों जिनका दूध उत्पादन 06 लीटर प्रतिदिन से अधिक हो। प्रतियोगिता में भाग लेने हेतु भारतीय उन्नत नस्ल की गौवंशीय दुधारू गाय जैसे गिर, साहीवाल, थारपारकर, मालवी इत्यादि मान्य की गई हैं। प्रतियोगिता में भाग लेने वाले गौवंश की टैगिंग यूनिक आईडी से होना तथा उसकी समस्त जानकारी भारतीय पशुधन पोर्टल पर दर्ज होना अनिवार्य किया गया है। पशुपालकों को अपने आवेदन 28 अक्टूबर 2026 को अपराह्न 4 बजे तक मुख्य ग्राम इकाई रायश्री में अनिवार्य रूप से जमा कराने होंगे। पशुओं के दूध उत्पादन का सत्यापन विकासखंड स्तरीय गठित समिति द्वारा किया जाएगा
पशुपालन एवं डेयरी विभाग द्वारा क्षेत्र के सभी पात्र पशुपालकों से इस प्रतियोगिता में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की गई है। आवेदन पत्र एवं इस प्रतियोगिता से जुड़ी अधिक जानकारी के लिए ग्राम स्तरीय नोडल अधिकारी डॉ. योगेश समाधिया (मोबाइल नंबर 7470456015) से संपर्क किया जा सकता है।


