कलेक्टर सुश्री शीला दाहिमा द्वारा आज ग्राम मयापुर में जनसुनवाई उपरांत अजापुरा-ढोटी क्षेत्र में पराली प्रबंधन कार्यो का अवलोकन किया गया। इस दौरान उन्होंने खेतों में पहुंचकर न केवल बेलर के माध्यम से पराली प्रबंधन करते हुए बेल बनाये जाने की प्रक्रिया का जायजा लिया, बल्कि किसानों और बेलर संचालको से चर्चा करते हुए उन्हें पर्यावरण की दृष्टि तथा शासन की मंशानुरूप किये जा रहे इन कार्यो के लिए प्रोत्साहित भी किया गया। इस दौरान सीईओ जिला पंचायत श्री कार्तिकेय जायसवाल, सहायक संचालक उद्योग श्री शुभम अग्निहोत्री तथा ढोटी -प्रेमसर क्षेत्र में नायब तहसीलदार श्री दर्शनलाल बौद्ध भी मौजूद रहे।
गुर्जर गांवडी में पराली जलते देख रूकी कलेक्टर, फायर ब्रिगेड बुलाकर बुझवाई आग
कलेक्टर सुश्री शीला दाहिमा जनसुनवाई के उपरांत पराली प्रबंधन कार्यो का जायजा लेने के लिए किये जा रहे भ्रमण के दौरान अजापुरा-श्योपुर मार्ग पर गुर्जर गांवडी के समीप एक खेत में पराली की आग देखकर न केवल मौके पर रूकी, बल्कि फायर ब्रिगेड को तत्काल मौके पर बुलाकर पराली की आग को बुझवाने की कार्यवाही की गई। पेट्रोल पम्प के सामने लगी इस आग की घटना को गंभीरता से देखते हुए उन्होंने मौके पर ही अपने सामने आग बुझवाई तथा कृषि विभाग के अधिकारियों को मौके पर बुलाकर संबंधित के विरूद्ध वैधानिक कार्यवाही के निर्देश दिये गये। इसी के साथ ही संबंधित को हिदायत दी गई कि पूर्व में ही जब एसडीएम श्योपुर द्वारा आग न लगाने के लिए समझाइश दी गई थी, फिर भी पराली को जलाने की घटना की गई है, सामने ही पेट्रोल पम्प लगा है, आग लगाने की घटना से कोई ओर भी बडा नुकसान हो सकता है।
खेतों में पहुंचकर पराली की बेल बनाने के कार्य का अवलोकन
कलेक्टर सुश्री शीला दाहिमा द्वारा पराली प्रबंधन के तहत किये गये भ्रमण के दौरान ग्राम ढोटी और बनवाडा के बीच स्थित किसान श्री बालाराम मीणा के खेत पर बेलर के माध्यम से किये जा रहे पराली प्रबंधन कार्य का अवलोकन किया गया तथा किसानों और बेलर संचालको से चर्चा करते हुए उन्हें इस कार्य के लिए प्रोत्साहित किया गया। उन्होंने कहा कि ढोटी-प्रेमसर क्षेत्र के जागरूक किसानों द्वारा बडे पैमाने पर पराली प्रबंधन का कार्य किया जा रहा है, जो कि सभी किसानों के लिए अनुकरणीय है। इस दौरान उन्होंने कृषि यंत्रों के माध्यम से पराली के गठ्ठे बनाने की प्रक्रिया का अवलोकन किया, चर्चा के दौरान बताया गया कि छोटे बेलर के माध्यम से एक दिन में 20-25 बीघा खेत में गठ्ठे बनाये जाते है, एक गठ्ठा 30 किलो के लगभग होता है, इस कार्य से जहां किसान को निशुल्क रूप से पराली प्रबंधन की सुविधा मिल रही हैं, वही बेलर संचालन के माध्यम से एक यूनिट के 25 से 30 लोगों को रोजगार भी मिल रहा है। इसी प्रकार उन्होंने ढोटी- पच्चीपुरा मार्ग पर बडे बेलरो के माध्यम से किये जा रहे पराली प्रबंधन कार्य का अवलोकन किया। किसान श्री बद्रीलाल बैरवा ने बताया कि बडे बेलर द्वारा 2-3 क्विंटल का बेल बनाया जाता है तथा बडे बेलर एक दिन में लगभग 100 बीघा खेत में पराली प्रबंधन करने में सक्षम है।
बगैर एसएमएम मिले हार्वेस्टरों पर जुर्माने की कार्यवाही
कलेक्टर सुश्री शीला दाहिमा द्वारा पराली प्रबंधन के तहत किये गये भ्रमण के दौरान ढोटी क्षेत्र में बगैर एसएमएस के पाये गये दो हार्वेस्टरों पर दिये गये निर्देशो के क्रम में जिला परिवहन अधिकारी श्री जगदीश भील द्वारा मौके पर पहुंचकर 5-5 हजार रूपये जुर्माने की कार्यवाही की गई है। उल्लेखनीय है कि भ्रमण के दौरान दो हार्वेस्टर बगैर एसएमएस के पाये गये, जिस पर कलेक्टर सुश्री शीला दाहिमा द्वारा जिला परिवहन अधिकारी को मौके पर बुलाया गया और हार्वेस्टर संचालको पर जुर्माने की कार्यवाही की गई।
कलेक्टर सुश्री शीला दाहिमा द्वारा इस दौरान प्रेमसर रोड पर संचालित एसआर ब्रिकेट्स इंडस्ट्री का अवलोकन किया गया तथा पराली से ब्रिकेट्स बनाने और उसके उपयोग के संबंध में जानकारी प्राप्त की गई। संचालक श्री जितेन्द्र मंगल ने बताया कि उनके द्वारा पराली से ब्रिकेट्स बनाने का कार्य किया जा रहा है, जिसे दिल्ली एनसीआर स्थित बडे औद्योगिक केन्द्रों को सप्लाई किया जाता है।



