कलेक्टर श्रीमती नेहा मीना ने घंसौर विकासखंड के ग्राम मेहता में अग्रणी कृषक श्री भगवान दास के खेत पहुंचकर उनके द्वारा की जा रही सब्जी की खेती एवं उत्पादन गतिविधियों का अवलोकन किया। उन्होंने खेत में शिमला मिर्च सहित अन्य सब्जियों के उत्पादन, खेती की पद्धति, सिंचाई व्यवस्था तथा उत्पादन लागत के संबंध में कृषक से विस्तारपूर्वक जानकारी ली।कलेक्टर श्रीमती मीना ने वर्तमान में कृषक द्वारा उत्पादित की जा रही शिमला मिर्च के उत्पादन, लागत, उपज एवं बाजार में उपलब्धता के संबंध में चर्चा की। कृषक ने बताया कि उनके द्वारा सिंचाई के लिए पूर्व से ही ड्रिप सिंचाई पद्धति का लाभ लिया जा रहा है। कलेक्टर ने ड्रिप सिंचाई जैसी आधुनिक तकनीक के उपयोग की सराहना करते हुए जल के सदुपयोग एवं उन्नत कृषि पद्धतियों को अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया।उन्होंने कृषक को वर्तमान सब्जी उत्पादन को और विस्तार देने के लिए पॉलीहाउस जैसी संरक्षित खेती की तकनीक अपनाने तथा विभागीय योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया। कलेक्टर ने कहा कि आधुनिक तकनीकों एवं संरक्षित खेती को अपनाकर कृषक उत्पादन की गुणवत्ता और उत्पादकता बढ़ाते हुए अपनी आय में वृद्धि कर सकते हैं।कलेक्टर श्रीमती मीना ने उद्यानिकी विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि कृषक को पॉलीहाउस सहित अन्य विभागीय योजनाओं की जानकारी एवं आवश्यक तकनीकी मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाए तथा खेती के विस्तार के लिए सतत सहयोग प्रदान किया जाए। निरीक्षण के दौरान सीईओ जिला पंचायत श्रीमती अंजली शाह एवं एसडीएम घंसौर सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।