मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में मध्यप्रदेश निरंतर विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। किसान, महिला, युवा एवं गरीब सहित समाज के सभी वर्गों के कल्याण के लिए राज्य सरकार संकल्पबद्ध है। किसानों की आय बढ़ाने और समृद्धि के लिए सरकार निरंतर कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव बुधवार को पांढुर्णा में आयोजित बलराम कृषि महोत्सव को वर्चुअली संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम में मध्यप्रदेश राज्य सहकारी बैंक के प्रशासक श्री महेंद्र सिंह यादव, कलेक्टर श्री नीरज कुमार वशिष्ठ, पुलिस अधीक्षक सुश्री विदिता डागर सांस्कृतिक प्रकोष्ठ संयोजक एवं प्रदेश प्रभारी बलराम कृषि महोत्सव श्री कपिल यारदे, पूर्व मंत्री श्री नानाभाऊ मोहोड़, श्री संदीप मोहोड़, नगर पालिका अध्यक्ष श्री संदीप घाटोडे, जनपद अध्यक्ष श्रीमती लताबाई तुमडॉम, श्री संदीप रघुवंशी सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे। अतिथियों ने भगवान बलराम के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर महोत्सव का शुभारंभ किया।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने जामसांवली धाम के हनुमान जी के जयघोष के साथ अपने संबोधन की शुरुआत करते हुए कहा कि किसान कल्याण वर्ष में बलराम कृषि महोत्सव के माध्यम से किसानों को उन्नत कृषि तकनीक, प्राकृतिक खेती और किसान हितैषी योजनाओं से जोड़ने का कार्य किया जा रहा है। पांढुर्णा जिला गेहूं, मक्का, चना, तुअर एवं संतरा उत्पादन के लिए महत्वपूर्ण है। यहां खेती-किसानी के साथ किसानों की आय और दुग्ध उत्पादन में भी निरंतर वृद्धि हो रही है। कम वर्षा की स्थिति को देखते हुए सर्वे कराया जा रहा है। किसानों को हरसंभव सहायता एवं सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

कृषि आधारित उद्योगों से युवाओं को मिल रहे रोजगार के अवसर

प्रभारी मंत्री श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने भी वर्चुअली कार्यक्रम को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि किसान कल्याण वर्ष के अंतर्गत पूरे प्रदेश में बलराम कृषि महोत्सव आयोजित किए जा रहे हैं। पांढुर्णा जिला खेती-किसानी के साथ कृषि आधारित उत्पादों के निर्माण में भी आगे बढ़ रहा है। जिले में स्थापित विभिन्न कृषि आधारित इकाइयों से युवाओं को रोजगार के अवसर प्राप्त हुए हैं। उन्होंने ग्रामीणों को उनकी आबादी भूमि का मालिकाना हक दिलाने के लिए मुख्यमंत्री डॉ. यादव का आभार व्यक्त किया।

किसान, महिला, युवा एवं गरीब सहित सभी वर्गों के कल्याण के लिए मिशन मोड में हो रहे काम

मध्यप्रदेश राज्य सहकारी बैंक के प्रशासक श्री महेंद्र सिंह यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव किसान, महिला, युवा एवं गरीब सहित सभी वर्गों के कल्याण के लिए मिशन मोड में कार्य कर रहे हैं। उन्होंने बलराम कृषि महोत्सव के माध्यम से किसानों को आधुनिक एवं उन्नत खेती के नवाचारों से परिचित कराने तथा बलराम जयंती को किसान दिवस घोषित करने के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पहले किसानों को मार्च माह तक ऋण नहीं चुकाने पर ओवरड्यू की स्थिति का सामना करना पड़ता था, लेकिन मुख्यमंत्री ने वर्ष में किसी भी समय ऋण चुकाने की सुविधा प्रदान की है। किसानों को तीन लाख रुपये तक का ऋण शून्य ब्याज पर उपलब्ध कराया जा रहा है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि एवं मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना की राशि सीधे किसानों के खातों में पहुंच रही है। मुख्यमंत्री डॉ यादव ने सभी आगामी दीपावली और गोवर्धन पर्व की शुभकामनाएं दी।

उन्नतशील कृषकों ने साझा किए सफलता के अनुभव

बलराम कृषि महोत्सव में जिले के उन्नतशील कृषकों ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से संवाद कर खेती-किसानी में किए जा रहे नवाचारों और अपनी सफलता के अनुभव साझा किए। ग्राम भुम्मा, विकासखंड सौंसर के कृषक श्री मटरूलाल डोंगरे ने बताया कि वे प्राकृतिक खेती से हल्दी, अरहर एवं गेहूं का उत्पादन कर रहे हैं। वे उत्पादों का वैल्यू एडिशन कर प्रतिवर्ष 2 से 2.5 लाख रुपये का शुद्ध लाभ अर्जित कर रहे हैं। उनके प्राकृतिक उत्पाद जापान और ऑस्ट्रेलिया तक पहुंच रहे हैं। ग्राम तिगांव के कृषक श्री नरेंद्र ठाकरे ने बताया कि 16 एकड़ में संतरे का उत्पादन कर प्रतिवर्ष 15 से 20 लाख रुपये की आय अर्जित कर रहे हैं। इसके साथ ही वे पशुपालन एवं सब्जी उत्पादन भी कर रहे हैं। ग्राम पारडसिंगा की श्रीमती रोशनी नरवरे ने बताया कि 14 गांवों की 350 महिलाओं को जोड़कर देशी कपास से खादी, सीड बॉल एवं सीड ज्वेलरी का निर्माण करवा रही हैं। ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के माध्यम से इन उत्पादों की बिक्री कर महिलाएं अच्छी आय अर्जित कर रही हैं।

पांढुर्णा के कृषक श्री कृष्ण कुमार रबड़े ने पीएमएफएमई योजना का लाभ लेकर दुग्ध प्रसंस्करण इकाई स्थापित की है। वे पनीर, श्रीखंड, घी एवं मावा का उत्पादन कर प्रतिवर्ष 8 से 10 लाख रुपये की आय अर्जित कर रहे हैं। उनकी इकाई से 8 से 10 लोगों को रोजगार भी मिला है। इसी प्रकार ग्राम पिपलानी के कृषक श्री विजेश भादे ने बताया कि आत्मा योजना के तहत बीआरसी सेंटर स्थापित कर 2.5 एकड़ में जैविक खेती कर रहे हैं। पशुपालन एवं उद्यानिकी सहित समन्वित खेती अपनाकर वे प्रतिवर्ष 3 से 4 लाख रुपये की आय अर्जित कर रहे हैं।

उन्नतशील कृषकों एवं पुरस्कार विजेताओं का सम्मान

कार्यक्रम में अतिथियों द्वारा कृषि क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले उन्नतशील कृषकों को सम्मानित किया गया। श्री कुंजीलाल पराड़कर को संतरा उत्पादन, डॉ. सुरेंद्र पन्नासे को समन्वित खेती, श्री अशोक साहू को प्राकृतिक एवं समन्वित खेती, श्री महादेव कोरड़े को एचडीपीएस कपास उत्पादन तथा श्री संदीप घोरमारे को प्राकृतिक खेती के लिए सम्मानित किया गया। वहीं श्री बवन चंद्रभान चोपड़े को तरबूज उत्पादन तथा श्री यादव राव भादे को कृषि यंत्रीकरण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया गया। किसान कल्याण स्वाभिमान पर्व के अंतर्गत उत्कृष्ट कार्य करने वाले किसानों को भी सम्मानित किया गया। इनमें श्री लक्ष्मीकांत किनकर को ट्रैक्टर, श्री राधेश्याम धारपूरे को बुलेट तथा श्री रोशन कापसे को ई-स्कूटर प्रदान किया गया।

मेधावी विद्यार्थियों को भी किया सम्मानित

कार्यक्रम में शैक्षणिक क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया गया। कक्षा 10 वीं में कु. हर्षदा विलास बिरखरे ने 98.60 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विकासखंड में प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं कक्षा 12 वीं में कु. दिव्या चिरकुट कड़बे ने 95.40 प्रतिशत अंकों के साथ द्वितीय स्थान प्राप्त किया। इनके अलावा कक्षा 12 वीं की कु. निहारिका गजानंद देशमुख तथा कक्षा 10 वीं के निशांत वानखेड़े एवं कु. रेणुका रामकृष्ण घाघरे को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित किसानों को उन्नत कृषि तकनीकों, प्राकृतिक खेती, कृषि यंत्रीकरण एवं शासन की किसान हितैषी योजनाओं की जानकारी भी दी गई।

गोपाल कृष्ण ग्राम पुरस्कार योजना के विजेता पशुपालकों का सम्मान

कार्यक्रम में गोपाल कृष्ण ग्राम पुरस्कार योजना के अंतर्गत उत्कृष्ट देशी गाय पशुपालन के लिए पांच पशुपालकों को भी सम्मानित किया गया। इनमें पांढुर्णा विकासखंड के ग्राम बढ़चिचोली के श्री गन्नाथ डोबले को प्रथम, श्री प्रेमराज डोबले को द्वितीय तथा श्री कैलाश डिगरसे को तृतीय स्थान प्राप्त करने पर सम्मानित किया गया। वहीं सौंसर विकासखंड के ग्राम पंद्रहखेड़ी के श्री किसान विनायक रबड़े को प्रथम तथा श्री मुरली वाघाड़े को द्वितीय स्थान प्राप्त करने पर सम्मानित किया गया।