भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष, स्वाभिमान और राष्ट्रभक्ति से प्रेरणा लेने के उद्देश्य से जनजातीय गौरव दिवस पर मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद नरसिंहपुर द्वारा शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय नरसिंहपुर में कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास पाठ्यक्रम की नियमित कक्षा के अंतर्गत संपन्न हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा के छायाचित्र पर दीप प्रज्वलन एवं माल्यार्पण कर किया गया। इसके पश्चात संगठन गीत एवं संगठन मंत्र का सामूहिक गायन हुआ। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री, राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री के लाइव उद्बोधन का प्रसारण भी किया गया। डॉ. अमित ताम्रकार ने भगवान बिरसा मुंडा के जीवन, शिक्षा, संघर्ष, ऐतिहासिक पृष्ठभूमि एवं बलिदान पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि बिरसा मुंडा ने जनजातीय समाज के अधिकारों, सांस्कृतिक अस्मिता तथा जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए संघर्ष किया। उनका जीवन अन्याय एवं शोषण के विरुद्ध संघर्ष और सामाजिक चेतना का प्रेरणादायी उदाहरण है। बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष श्री शिवकुमार रैकवार ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का उलगुलान आंदोलन सामाजिक एकता, स्वाभिमान और अधिकारों की रक्षा का प्रतीक है। पार्षद श्रीमती अनुराधा नामदेव ने कहा कि जनजातीय गौरव दिवस जनजातीय समाज के स्वाभिमान, राष्ट्रनिष्ठा और स्वतंत्रता संग्राम में उसके योगदान को स्मरण करने का अवसर है। प्राध्यापक डॉ. राजेश ठाकुर ने भगवान बिरसा मुंडा के अल्पायु में किए गए ऐतिहासिक कार्यों का उल्लेख करते हुए उनके जीवन को राष्ट्र एवं समाज सेवा की प्रेरणा बताया।
जिला समन्वयक मप्र जन अभियान परिषद श्री जय नारायण शर्मा ने कार्यक्रम की प्रस्तावना प्रस्तुत करते हुए जनजातीय गौरव दिवस के महत्व पर प्रकाश डाला। वक्ताओं ने जनजातीय समाज की समृद्ध संस्कृति, परंपराओं, लोकज्ञान और राष्ट्र निर्माण में उसके योगदान को भी रेखांकित किया। कार्यक्रम में सीएमसीएलडीपी के बीएसडब्ल्यू एवं एमएसडब्ल्यू के विद्यार्थी, ग्राम विकास प्रस्फुटन समितियों एवं नवांकुर संस्थाओं के प्रतिनिधि शामिल हुए। कार्यक्रम का संचालन परामर्शदाता श्री सतीशकांत मिश्र और आभार श्रीमती वृंदा ढिमोले ने किया।


