जिले के नागरिकों की आधार संबंधी समस्याओं के त्वरित निराकरण तथा आवश्यक मार्गदर्शन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह के निर्देशन में नरसिंहपुर में पहली बार विशेष आधार जन समाधान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 140 से अधिक नागरिकों ने सहभागिता कर आधार संबंधी समस्याओं के निराकरण एवं मार्गदर्शन का लाभ प्राप्त किया।

शिविर में नागरिकों के लंबित आधार प्रकरणों के साथ विभिन्न तकनीकी एवं प्रक्रियात्मक समस्याओं से जुड़े मामलों की सुनवाई की गई। प्रत्येक प्रकरण की प्रकृति के अनुसार निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवश्यक जांच एवं कार्रवाई की गई। साथ ही नागरिकों को उनके प्रकरणों के निराकरण तथा आगे की प्रक्रिया के संबंध में उचित मार्गदर्शन प्रदान किया गया।

शिविर में भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (यूआईडीएआई) भोपाल की विशेष टीम उपस्थित रही। टीम के सदस्यों ने नागरिकों की समस्याओं को सीधे सुना और संबंधित प्रकरणों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई एवं मार्गदर्शन उपलब्ध कराया। इस पहल से आधार संबंधी जटिल एवं लंबित मामलों के निराकरण के लिए नागरिकों को एक ही स्थान पर सहायता प्राप्त करने का अवसर मिला। नरसिंहपुर में आधार सेवा केंद्र की सुविधा तथा विशेष आधार जन समाधान शिविर का आयोजन नागरिकों को आधार सेवाएं अधिक सुगम, सुलभ एवं पारदर्शी तरीके से उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। इससे आधार संबंधी समस्याओं के समाधान की प्रक्रिया को सुविधाजनक बनाने में मदद मिलेगी। जिले के नागरिक आधार संबंधी विभिन्न सेवाओं के लिए एसबीआई बैंक शाखा के सामने टीवीएस शोरूम के पास स्टेशनगंज स्थित गल्ला मंडी रोड में स्थापित आधार सेवा केंद्र से संपर्क कर सकते हैं।