जिले में 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर 2026 तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ संचालित किया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत शुक्रवार को चीचली विकासखंड के ग्राम पुआरिया में जैव इनपुट संसाधन केन्द्र (बीआरसी) में कृषकों के लिए प्राकृतिक खेती से संबंधित जागरूकता एवं संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में कृषकों को प्राकृतिक खेती के महत्व, इसमें उपयोग किए जाने वाले जैव इनपुट के निर्माण तथा प्राकृतिक खेती के विभिन्न घटकों के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। इस दौरान प्राकृतिक खेती को अपनाने के लिए आवश्यक प्रक्रियाओं एवं जैव आधारित संसाधनों के उपयोग पर कृषकों से चर्चा की गई। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित कृषकों को जैव इनपुट संसाधन केन्द्र की यूनिट का भ्रमण भी कराया गया। कृषकों ने केन्द्र में जैव इनपुट निर्माण की प्रक्रिया एवं उपलब्ध संसाधनों का अवलोकन किया तथा प्राकृतिक खेती से जुड़े विषयों पर जानकारी प्राप्त की।

इस अवसर पर प्राकृतिक खेती करने वाले कृषक, कृषि सखी, क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि तथा कृषि विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य कृषकों को प्राकृतिक खेती के प्रति जागरूक करना तथा स्थानीय स्तर पर जैव इनपुट संसाधनों के उपयोग को बढ़ावा देना रहा।