मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर के निर्देशानुसार तथा प्रधान जिला न्यायाधीश एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण मुरैना श्रीमती संगीता मदान के मार्गदर्शन में साप्ताहिक कार्यक्रम सुरक्षित बचपन अभियान के अंतर्गत शासकीय माध्यमिक विद्यालय छौंदा एवं शासकीय माध्यमिक विद्यालय जौरा में विधिक साक्षरता शिविरों का आयोजन किया गया। शिविर में जिला न्यायाधीश एवं सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण मुरैना श्री दिनेश सिंह राणा ने उपस्थित छात्र-छात्राओं को सुरक्षित क्लिक, सुरक्षित बचपन तथा ‘बोलो, बताओ और बचाओ’ अभियान के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बच्चों को नालसा की ‘बच्चों के लिए बाल-अनुकूल कानूनी सेवाएं योजना’ के बारे में बताते हुए उनके अधिकारों, सुरक्षा एवं संरक्षण से संबंधित कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी। साथ ही किसी भी प्रकार की कानूनी सहायता एवं मार्गदर्शन के लिए नालसा की हेल्पलाइन नंबर 15100 के उपयोग के बारे में बताया। इस अवसर पर उन्होंने विद्यार्थियों को समय का सदुपयोग करने, नियमित दिनचर्या अपनाने तथा पढ़ाई और अन्य गतिविधियों के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करने के लिए समय प्रबंधन का महत्व समझाया। न्यायिक मजिस्ट्रेट श्री आशीष शर्मा ने बच्चों को आयु निर्धारण की प्रक्रिया एवं इससे संबंधित कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी। वहीं न्यायिक मजिस्ट्रेट श्रीमती रिया सिंह ने बच्चों को गुड टच-बेड टच के बारे में समझाते हुए अच्छे और बुरे स्पर्श के बीच अंतर बताया। उन्होंने बच्चों को किसी भी असहज स्थिति में बिना डरे अपने अभिभावकों, शिक्षकों अथवा विश्वसनीय व्यक्ति को इसकी जानकारी देने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में जिला विधिक सहायता अधिकारी श्री बृजेन्द्र सिंह भदौरिया, पुलिस विभाग की ओर से निरीक्षक श्रीमती राजकुमारी परमार, विद्यालयों के प्राचार्य, शिक्षकगण तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। शिविर के माध्यम से विद्यार्थियों को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने तथा किसी भी समस्या या असुरक्षित परिस्थिति में सहायता लेने के लिए प्रेरित किया गया।