मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत कलेक्टर श्री आशीष तिवारी ने ग्राम सिजहनी स्थित शासकीय प्राथमिक शाला पहुंचकर शैक्षणिक व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने बच्चों से संवाद कर उनकी समझ और सीखने के स्तर को परखा। कलेक्टर के सवालों का बच्चों ने पूरे आत्मविश्वास के साथ जवाब दिया।
कलेक्टर श्री तिवारी ने कक्षा 2 की छात्रा शिवानी चौधरी से 14 और 13 का जोड़ पूछा। शिवानी ने बिना झिझक तुरंत सही उत्तर दे दिया। छात्रा के आत्मविश्वास और तत्परता की सराहना करते हुए कलेक्टर ने अन्य बच्चों को भी बिना डरे सवालों के जवाब देने और अपनी समझ के आधार पर सीखने के लिए प्रेरित किया।
इसी तरह कक्षा 3 की छात्रा खुशी चौधरी से कलेक्टर ने एबीसीडी से संबंधित सवाल पूछे। खुशी ने भी सहजता और आत्मविश्वास के साथ उत्तर दिए। बच्चों की सक्रियता को देखते हुए उन्होंने शिक्षकों को विद्यार्थियों में सीखने के प्रति रुचि विकसित करने और उनका आत्मविश्वास बढ़ाने पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
बच्चों में विकसित करें सोचने और समझने की क्षमता कलेक्टर श्री तिवारी ने प्रभारी प्राचार्य श्री शैलेन्द्र तिवारी को निर्देशित किया कि शिक्षा को केवल पाठ याद कराने तक सीमित न रखें। उन्होंने कहा कि बच्चों को रट्टू तोता नहीं बनाना है, बल्कि उनमें सोचने, समझने और तर्क करने की क्षमता विकसित करनी है। बच्चों में ऐसा आत्मविश्वास पैदा किया जाए कि वे किसी भी प्रश्न को समझकर उसका उत्तर देने में संकोच न करें। शिक्षा का उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान देना नहीं, बल्कि बच्चों में जिज्ञासा, तार्किक क्षमता और आत्मविश्वास विकसित करना भी है।



