ग्रामीण क्षेत्र की युवतियां हुनरमंद बनकर आत्मनिर्भरता की राह पर आगे बढ़ रही हैं। ऐसी ही प्रेरक कहानी कुण्डम विकासखंड की कामिनी कुशराम की है, जिन्होंने गोंडी पेंटिंग के हुनर को अपनी आय का जरिया बना लिया है। जबलपुर के कलानिकेतन पोलिटेक्निक कॉलेज में कंप्यूटर साइंस की अंतिम वर्ष की छात्रा कामिनी पेंटिंग के माध्यम 8 से 10 हजार रुपए तक की आय अर्जित कर रही हैं। इससे वे पढ़ाई के साथ अपने अन्य जरूरी खर्च भी स्वयं उठा रही हैं।
कामिनी ने वर्ष 2024 में ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी) और आजीविका मिशन के माध्यम से गोंडी पेंटिंग का प्रशिक्षण प्राप्त किया था वे पढ़ाई के साथ पार्ट-टाइम काम करना चाहती थीं, ताकि अपनी आर्थिक स्थिति सुधारने के साथ पढ़ाई का खर्च भी खुद उठा सकें। प्रशिक्षण के दौरान उन्होंने गोंडी पेंटिंग सहित अन्य कलाओं को सीखा। इसके बाद उन्होंने अपनी कला को रोजगार से जोड़ने का निर्णय लिया।
हाट बाजारों में लगाती हैं पेंटिंग का स्टॉल-
कामिनी आजीविका मिशन की ओर से आयोजित हाट बाजारों में अपनी पेंटिंग का स्टॉल लगाती हैं। यहां उनकी बनाई कलाकृतियों को अच्छा रिस्पांस मिल रहा है। पेंटिंग की बिक्री से उन्हें हर महीने करीब 8 से 10 हजार रुपए की आय हो जाती है। कुण्डम में आयोजित मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के दौरान भी उन्होंने गोंडी पेंटिंग का स्टॉल लगाया था। इस दौरान कलेक्टर श्री राघवेंद्र सिंह और पुलिस अधीक्षक श्री संपत उपाध्याय ने उनकी कलाकृतियों की सराहना की।
कामिनी बताती हैं कि पहले छोटी-छोटी जरूरतों और पढ़ाई से जुड़े खर्चों के लिए उन्हें माता-पिता पर निर्भर रहना पड़ता था। परिवार की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं होने के कारण कई बार पढ़ाई जारी रखने को लेकर चिंता भी होती थी। प्रशिक्षण के बाद उन्हें अपनी कला के माध्यम से आय अर्जित करने का अवसर मिला। अब वे पढ़ाई जारी रखने के साथ आने-जाने और अन्य जरूरी खर्चों को भी स्वयं पूरा कर पा रही हैं।
कामिनी का कहना है कि प्रशिक्षण ने उन्हें केवल कमाई का साधन ही नहीं दिया, बल्कि आत्मविश्वास भी बढ़ाया है। अब वे अपनी कला के दम पर आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ रही हैं। भविष्य में वे गोंडी पेंटिंग के काम को और विस्तार देना चाहती हैं। उन्होंने इस अवसर के लिए प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया।



