पराली व नरवाई जलाने पर जिन किसानों पर पिछली साल जुर्माना लगाया गया था। उन्हें विधिवत नोटिस जारी कर नरवाई जलाने के लिये स्पष्ट रूप से आगाह कर दें कि इस बार पराली जलाई तो जुर्माने के साथ-साथ अन्य कानूनी कार्रवाई की जायेगी। इस आशय के निर्देश कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने उप संचालक किसान कल्याण व कृषि विकास को दिए हैं। कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने यह भी निर्देश दिए कि गाँव-गाँव में चौपाल लगाकर किसान भाईयों को पराली व नरवाई प्रबंधन के लिये जागरूक करें। किसानों को विशेष रूप से बताएं कि खेत में ही पराली जलाने से उपजाऊ तत्व नष्ट हो जाते हैं। उन्होंने कहा किसानों को इन चौपाल के माध्यम से विशेष रूप से जानकारी दें कि जे-फॉर्म भरकर अनुदान पर एसएमएस (स्ट्रा मैनेजमेंट सिस्टम) प्राप्त किया जा सकता है। साथ ही अन्य उपकरण भी लिए जा सकते हैं। कलेक्टर श्रीमती चौहान ने उप संचालक कृषि श्री भानु प्रकाश शर्मा को यह भी निर्देश दिए कि पराली को खेत में ही जलाने से रोकने के लिये जारी किए गए प्रतिबंधात्मक आदेश के बारे में भी किसानों को जानकारी दें। साथ ही संबंधित एसडीएम से समन्वय बनाकर पराली जलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कराएं। इसमें कोई ढिलाई न हो।
खेती-किसानी
पूर्व में पराली जलाने वाले किसानों को नोटिस देकर पराली न जलाने के लिये आगाह करें
कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने उप संचालक कृषि को दिए निर्देश
खरी बात संवाददाता, ग्वालियर · 26 अक्टूबर 2026


