शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था (आईटीआई), गुना के लिए यह अत्यंत हर्ष एवं गौरव का विषय है कि संस्था के पूर्व प्रशिक्षार्थी श्री विनोद अहिरवार, पिता श्री श्यामलाल अहिरवार का चयन भारतीय रेलवे में टेक्नीशियन ग्रेड- 3 ( Technician Grade-III ) के पद पर हुआ है। उनका पदस्थापन अमृतसर (पंजाब) में हुआ है तथा उन्हें ₹ 19,900/- प्रतिमाह वेतनमान प्राप्त होगा।
श्री विनोद अहिरवार ने वर्ष 2019-20 में शासकीय आईटीआई गुना से वेल्डर ट्रेड में प्रशिक्षण प्राप्त किया था। प्रशिक्षण पूर्ण करने के पश्चात उन्होंने निरंतर मेहनत एवं लगन से विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी की तथा भारतीय रेलवे की टेक्नीशियन ग्रेड- 3 भर्ती परीक्षा में सफलता प्राप्त कर अपने परिवार एवं संस्था का नाम गौरवान्वित किया।
अपनी सफलता का श्रेय देते हुए श्री विनोद अहिरवार ने आईटीआई गुना के समस्त स्टाफ एवं प्रशिक्षकों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि संस्था में प्राप्त प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन ने उनकी सफलता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
इस उपलब्धि पर संस्था के प्राचार्य एवं समस्त स्टाफ द्वारा श्री विनोद अहिरवार को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दी गईं तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। संस्था के प्राचार्य ने कहा कि यह उपलब्धि संस्था के लिए गर्व का विषय है और अन्य प्रशिक्षणार्थियों के लिए भी प्रेरणास्रोत है। आईटीआई गुना युवाओं को गुणवत्तापूर्ण कौशल प्रशिक्षण प्रदान कर उन्हें रोजगार एवं स्वरोजगार के बेहतर अवसरों से जोड़ने के लिए निरंतर प्रयासरत है।


