भोपाल के राष्ट्रीय तकनीकी शिक्षक प्रशिक्षण एवं अनुसंधान संस्थान (NITTTR) में रविवार को कॉलेजों के प्राध्यापकों के लिए ‘अनुभवात्मक अध्यापक विकास कार्यक्रम’ के पश्चिम क्षेत्र का प्रशिक्षण-सह-अभिमुखीकरण शुरू हुआ। इसे विद्या भारती उच्च शिक्षा संस्थान ने आयोजित किया।

शुभारंभ पर उच्च शिक्षा, तकनीकी शिक्षा एवं आयुष मंत्री इंदर सिंह परमार ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल ज्ञान देना नहीं, बल्कि हर विद्यार्थी को समझकर उसके व्यक्तित्व का समग्र विकास करना है।

जैसे परिवार बच्चे को समझता है

मंत्री ने कहा कि जैसे परिवार में बच्चों के स्वभाव, रुचि और आदतों को समझकर उनसे व्यवहार किया जाता है, वैसे ही प्राध्यापकों को भी विद्यार्थियों की रुचि, क्षमता और जरूरतें समझते हुए पढ़ाना चाहिए। विद्यार्थी को समग्रता से समझे बिना शिक्षा अपने व्यापक उद्देश्य तक नहीं पहुंच सकती।

अनुभव से सीखना

श्री परमार ने कहा, ‘अनुभव से सीखना, विद्यार्थी को समझना और शिक्षा को जीवन से जोड़ना, यही ऐसी शिक्षा का आधार है जो ज्ञान के साथ व्यवहार, संवेदना, कौशल और व्यक्तित्व का भी विकास करती है।’ उन्होंने कहा कि शिक्षण पद्धतियों का अनुभव के आधार पर लगातार विकास समय की जरूरत है।