आगामी दीपावली पर्व को देखते हुए आम नागरिकों को शुद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने तथा खाद्य पदार्थों में मिलावट पर रोक लगाने के लिए कलेक्टर श्री हरेंद्र नाराय न के निर्देश पर जिले में संयुक्त जांच दल का गठन किया गया है। इस दल में राजस्व, नापतौल, खाद्य आपूर्ति, पुलिस एवं खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों को शामिल किया गया है। तहसील स्तर पर गठित इन दलों की निगरानी अपर कलेक्टर श्री धीरेन्द्र सिंह द्वारा की जा रही है।
संयुक्त जांच दल द्वारा जिले की सभी तहसीलों एवं अन्य क्षेत्रों में खाद्य प्रतिष्ठानों, मिठाई दुकानों तथा अन्य व्यावसायिक संस्थानों का निरीक्षण किया जा रहा है। जांच के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं शुद्धता के साथ नापतौल में अनियमितता तथा घरेलू गैस सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग किए जाने की भी जांच की जा रही है।
इसी क्रम में गत दिवस टीम के सदस्य श्री राघवेन्द्र सिंह लिल्लौरे, श्री शैलेन्द्र सिंह एवं श्री गोपेश मिश्रा द्वारा एलपी डील स्टोर चंदनगांव तथा रिलायंस रिटेल मॉल नागपुर रोड छिंदवाड़ा सहित विभिन्न प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्री गोपेश मिश्रा द्वारा वैशाली राजस्थान स्वीट्स छिंदवाड़ा, एलपी डील चंदनगांव, काशी स्वीट्स बस स्टैंड एवं पारस स्वीट्स बस स्टैंड से सुंदर ब्रांड सोनपापड़ी ऑरेंज फ्लेवर, उत्सव ब्रांड गुलाब जामुन, चमचम एवं मिल्क केक सहित विभिन्न खाद्य पदार्थों के कुल 15 नमूने जांच के लिए संग्रहित किए गए।
खाद्य सुरक्षा दल द्वारा जामई क्षेत्र में रॉयल मिष्ठान भंडार, ज्योति मिष्ठान भंडार, आकांक्षा मिष्ठान भंडार, पप्पू होटल, प्रेमता भंडार, चाय चौपाटी एवं काकाजी टी स्टॉल का निरीक्षण किया गया। साथ ही जुन्नारदेव स्थित बीकानेर मिष्ठान कारखाने से भी खाद्य पदार्थों का नमूना संग्रहित
इसी प्रकार मोरडोंगरी क्षेत्र में सोनी होटल, चंदेल होटल, आयुष मिष्ठान भंडार एवं यश मिष्ठान भंडार का निरीक्षण कर मिठाइयों एवं अन्य खाद्य पदार्थों के नमूने संग्रहित किए गए। सौंसर क्षेत्र में रेमंड चौक बोरगांव स्थित कांकड़े रेस्टोरेंट, बीकानेर मिष्ठान भंडार तथा खेरीतायगांव स्थित जय बजरंगबली मिष्ठान भंडार का निरीक्षण कर खोवा, नमकीन, मिल्क केक एवं कुंदा के नमूने लिए गए।
इसके अतिरिक्त चलित खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला छिंदवाड़ा द्वारा जामई क्षेत्र की मिठाई दुकानों में खाद्य पदार्थों की मौके पर ही स्पॉट टेस्टिंग की गई।
जिला प्रशासन द्वारा मिलावट एवं खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता से संबंधित अनियमितताओं
पर प्रभावी नियंत्रण के लिए जांच अभियान निरंतर जारी रखा जाएगा। कलेक्टर श्री नारायन के निर्देशन में संयुक्त जांच दल द्वारा जिलेभर में लगातार निरीक्षण एवं कार्रवाई की जा रही है।



