कलेक्टर जयति सिंह के निर्देशन में एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जयपाल सिंह ठाकुर के मार्गदर्शन में कायाकल्प पहल (स्वच्छता एवं हाईजीन) के अंतर्गत जिला चिकित्सालय बड़वानी सहित जिले की समस्त स्वास्थ्य संस्थाओं में एक दिवसीय विशेष स्वच्छता अभियान आयोजित किया गया। इस दौरान स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए विभिन्न गतिविधियां आयोजित कर लोगों को स्वच्छता का संदेश दिया गया। जिला चिकित्सालय बड़वानी एवं सामुदायिक स्वास्थ केंद्र ठीकरी, सिविल अस्पताल अंजड़ में अस्पताल परिसर के अंदर एवं बाहर सामूहिक साफ-सफाई और श्रमदान किया गया। अभियान की शुरुआत डॉ जयपाल सिंह ठाकुर सीएमएचओ एवं सिविल सर्जन डॉ. मनोज खन्ना ने स्वयं झाड़ू लगाकर की। अभियान में उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों ने श्रमदान कर स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने और स्वास्थ्य संस्थाओं को स्वच्छ बनाए रखने का संदेश दिया। अभियान का उद्देश्य स्वास्थ्य संस्थाओं में स्वच्छता एवं हाईजीन को बढ़ावा देना तथा मरीजों और उनके परिजनों को स्वच्छ वातावरण के महत्व के प्रति जागरूक करना है।