प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के हितग्राहियों को योजना का लाभ प्राप्त करने में आ रही समस्याओं के निराकरण तथा लंबित कार्यवाहियों को पूरा करने के लिए जिले की सभी ग्राम पंचायतों में विशेष शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। कलेक्टर श्री आदित्य सिंह के निर्देश पर 30 नवंबर 2026 तक पंचायत भवनों एवं अन्य शासकीय स्थलों पर इन शिविरों का आयोजन किया जाएगा।कार्यालय कलेक्टर, भू-संसाधन प्रबंधन जिला बालाघाट द्वारा 16 नवंबर को जारी निर्देशों के अनुसार, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत पात्र किसानों को प्रतिवर्ष 6 हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान की जाती है। योजना की 26वीं किस्त का लाभ प्राप्त करने के लिए फार्मर आईडी बनाना अनिवार्य किया गया है। इसके लिए सभी पंजीकृत हितग्राहियों की फार्मर आईडी तैयार कर उनकी समस्त भूमियों को उससे जोड़ने की कार्यवाही की जाएगी।
पंचायत स्तर पर होंगे विशेष शिविर
योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए प्रत्येक ग्राम पंचायत में शिविर आयोजित किए जाएंगे। शिविर की सूचना संबंधित ग्राम में दो दिन पहले दी जाएगी। पंचायतवार शिविरों की जानकारी एवं प्रगति को गूगल शीट के माध्यम से अद्यतन किया जाएगा। शिविरों में किसानों को योजना की अनिवार्य प्रक्रियाओं की जानकारी देने के साथ उनकी लंबित समस्याओं का स्थानीय स्तर पर निराकरण किया जाएगा।
इन कार्यों पर रहेगा विशेष ध्यान
शिविरों में छूटे हुए हितग्राहियों का पीएम किसान पोर्टल के माध्यम से पंजीयन किया जाएगा। इसके साथ ही ई-केवाईसी की अनिवार्य प्रक्रिया पूरी कराई जाएगी। जिन किसानों के बैंक खाते आधार से लिंक नहीं हैं, उनके खातों को आधार से लिंक कराने के लिए बैंकों का सहयोग लिया जाएगा। आवश्यकता पड़ने पर इंडिया पोस्ट पेमेंट बैंक के माध्यम से नवीन बैंक खाते खुलवाने की कार्यवाही भी की जाएगी।इसके अलावा अपात्र हितग्राहियों की स्थिति का सत्यापन कर जानकारी पीएम किसान पोर्टल पर अद्यतन की जाएगी। केंद्र सरकार द्वारा चिन्हित संदिग्ध हितग्राहियों का सत्यापन भी किया जाएगा। इसके तहत हितग्राहियों की जानकारी अद्यतन करने के साथ पति-पत्नी एवं अन्य संबंधित विवरणों का जिला स्तर से सत्यापन सुनिश्चित किया जाएगा। पीएम किसान पोर्टल पर सेल्फ रजिस्ट्रेशन से संबंधित लंबित मामलों का निराकरण भी प्राथमिकता से किया जाएगा।
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की आगामी 26वीं किस्त के लिए फार्मर रजिस्ट्री को विशेष प्राथमिकता दी जा रही है। इसके तहत प्रत्येक पात्र किसान की 11 अंकों की विशिष्ट फार्मर आईडी तैयार की जाएगी। किसानों की सभी भूमियों को फार्मर आईडी से जोड़ने की कार्यवाही की जाएगी, ताकि भविष्य में शासकीय योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में उन्हें किसी प्रकार की परेशानी न हो।कलेक्टर द्वारा सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि पंचायत स्तरीय शिविरों का प्रभावी आयोजन कर पीएम किसान सम्मान निधि योजना से संबंधित सभी अनिवार्य प्रक्रियाएं समय-सीमा में पूरी कराई जाएं। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि जिले का कोई भी पात्र किसान योजना के लाभ से वंचित न रहे।


